संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। हरी नगर पुलिस ने 30 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त अपराधी को चोरी की स्कूटी और अवैध बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सनी उर्फ रेपा (28), निवासी चौखंडी, तिलक नगर के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दराड़े शरद भास्कर ने बताया कि मोटर वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। 10 फरवरी की रात एक संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को धक्का देता हुआ डीडीयू अस्पताल की ओर जाता दिखा। रुकने का इशारा करने पर वह स्कूटी छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
तलाशी में आरोपी के पास से चाकू बरामद हुआ। पुलिस स्कूटी जब्त कर कार्रवाई कर रही है। आरोपी पूर्व में भी चोरी व सेंधमारी के 30 से अधिक मामलों में शामिल रहा है।