चार दिन पहले दोस्त की शादी में हवाई फायरिंग के दौरान घायल आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
पांच दिसंबर को अंतर्गत भांगरौला गांव में पवन सेंगर अपने दोस्त की शादी में गया था। इस दौरान वह खुशी में फायरिंग करने लगा। फायरिंग के दौरान एक गोली मिस हो गई। बताया जाता है कि जब वह फंसी गोली निकाल रहा था, तभी अचानक फायर हो गया।
इससे वह घायल हो गया। आनन फानन में उसे पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की ओर से इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंच गई और युवक से पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार पवन के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी भेज दिया है।