उत्तर-पश्चिम जिले के जहांगीरपुरी थाने में मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में एक युवक बाथरूम के रोशनदान में फंदे से लटका मिला। मृतक की शिनाख्त राजकुमार (32) के रूप में हुई है। एक महिला के गायब होने पर उसके पति ने राजकुमार पर उसके गायब करने का शक जताया था।
विज्ञापन
पुलिस ने मंगलवार को ही राजकुमार को कासगंज-एटा, यूपी से पूछताछ के लिए बुलाया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजकुमार ने फांसी लगा ली। वहीं परिजनों ने उस पर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल का आरोप लगाया है।
मामले की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट और एसडीएम कर रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं बृहस्पतिवार को मेडिकल बोर्ड के जरिये राजकुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला?
थाने में लगाई फांसी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक राजकुमार परिवार के साथ गांव बिकोरा, कासगंज-एटा, यूपी में रहता था। इसके परिवार में मां, चार भाई कृष्ण मुरारी, अजय, ह्देश और प्रदीप हैं। भाईयों में राजकुमार चौथे नंबर का था।
पिछले दिनों एक महिला के गायब होने की छानबीन करते हुए जहांगीरपुरी थाना पुलिस राजकुमार के गांव पहुंची थी। उस समय राजकुमार मथुरा आया था। पुलिस ने परिजनों को बताया कि महिला के पति ने राजकुमार पर उसे गायब करने का शक जताया है।
यदि वह जांच में शामिल नहीं होगा तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो जाएगा। उसे पूछताछ में शामिल होना पड़ेगा। इसके बाद राजकुमार ने जहांगीरपुरी थाने के आईओ हिमांशु से संपर्क किया। मंगलवार दोपहर को वह दिल्ली आया और पूछताछ में शामिल होने के लिए तीन बजे थाने पहुंच गया।
अंकित ने ही परिजनों को राजकुमार की मौत की सूचना दी
suicide shimla
इधर परिजनों के पास कासगंज सुबह कॉल गई कि राजकुमार की तबीयत खराब है, बाबू जगजीवन राम अस्पताल आकर उसे देख लो। परिजनों ने दिल्ली में रहने वाले रिश्तेदार अंकित पचौरी से राजकुमार का हाल लेने के लिए कहा।
अंकित को थोड़ी ही देर में पुलिस से पता चला कि राजकुमार ने देर रात को जहांगीरपुरी थाने के टॉयलेट में नौ फुट ऊंचे रोशनदान की ग्रिल में गमछे से फंदा बनाकर फांसी लगा खुदकुशी कर ली।
अंकित ने ही परिजनों को राजकुमार की मौत की सूचना दी। इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी मामले की छानबीन कर रहे हैं।
राजकुमार पिछले साल तक दिल्ली के पीतमपुरा में रहता था। यहां वह एक सरकारी स्कूल में गार्ड की नौकरी करता था। इसी स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दो बच्चों की महिला से उसकी दोस्ती हो गई। लेकिन महिला के पति को इसका पता चल गया। पति ने एक दिन स्कूल में आकर हंगामा भी किया, जिसके बाद राजकुमार ने नौकरी छोड़ दी और वह वापस गांव में आकर रहने लगा। इधर करीब डेढ़ माह पूर्व महिला अचानक गायब हो गई।
महिला के पति ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका डालकर पत्नी को मुक्त कराने की गुहार लगाई। पति ने राजकुमार पर उसे बंधक बनाकर रखने का शक जताया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए राजकुमार को मंगलवार थाने बुलाया था। जिसके बाद यह पूरा मामला हुआ।
परिवार का थर्ड डिग्री टार्चर का आरोप
अंकित ने बताया कि मंगलवार दिन में पुलिस ने पूछताछ के लिए राजकुमार को थाने बुलाया था। राजकुमार के दिल्ली में रहने वाले दोस्त धर्मेंद्र ने उसे थाने छोड़ा था। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि यदि राजकुमार ने महिला को नहीं अगवा किया है तो उसका स्टेटमेंट लेकर उसे छोड़ देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अंकित ने राजकुमार पर थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप लगाया। अंकित का तो यहां तक कहना है कि थर्ड डिग्री के कारण ही राजकुमार की मौत हो गई।
राजकुमार के परिजनों का कहना है कि यदि दो बजे राजकुमार ने फांसी लगाई तो उनको सुबह के समय सूचना क्यों दी गई। अंकित का कहना है कि उसने जब आईओ को कॉल किया तो उसने बताया कि पूछताछ के बाद राजकुमार को 10.30 बजे छोड़ दिया गया था। अंकित ने सवाल उठाया कि अगर उसे 10.30 बजे छोड़ दिया गया था तो वह 2.00 बजे क्या करने आया था। अगर वह आया भी था तो गेट पर मौजूद थाने का संतरी क्या कर रहा था।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसे छोड़ा ही नहीं था। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फांसी लगाने की बात कर रहे हैं। परिवार को पुलिस की कहानी हजम नहीं हो रही है। परिजनों ने नौ फुट ऊंचे रोशनदान पर फंदा बनाने पर भी सवाल उठाए हैं।
राजकुमार जहांगीरपुरी थाने के टॉयलेट में फंदे से लटका पाया गया, न्यायिक मजिस्ट्रेट और एसडीएम जांच कर रहे हैं, मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।-विजयंता आर्या, अतिरिक्त जिला पुलिस उपायुक्त