कमर्शियल बेल्ट में शुक्रवार रात नशे में पांच युवकों ने एक दरोगा पर रौब जमाते हुए अभद्रता की। विरोध करने पर युवकों ने हाथापाई करके दरोगा की वर्दी फाड़ दी। दरअसल, युवकों ने स्कूटी चोरी होने की सूचना दी थी और पुलिस पर देरी का आरोप लगाकर हंगामा कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, अल्फा एक कामर्शियल बेल्ट में स्थित आईसीआईसीआई बैंक के सामने से शुक्रवार रात स्कूटी चोरी हो गई। पीड़ित ने 100 नंबर पर फोन कर मामले की जानकारी पुलिस को दी। कासना थाना की पीसीआर नंबर-61 मौके पर पहुंची।
इसमें दरोगा महेंद्र सिंह और एक अन्य पुलिसकर्मी तैनात था। वहां नशे में खड़े युवकों ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने के काफी देर बाद पुलिस पहुंची। पांच युवकों ने दरोगा से हाथापाई शुरू कर दी और वर्दी भी फाड़ दी।
दरोगा से मारपीट का मामला 100 नंबर पर फ्लैश होने के बाद पुलिस की कई टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस आरोपी युवकों को पकड़कर कासना कोतवाली ले आई।
शनिवार सुबह दरोगा महेंद्र सिंह ने घोड़ी बछेड़ा निवासी अमित, आकाश, अंकित, मूलचंद व रविंद्र के खिलाफ कासना थाने में शिकायत दी। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।