डीएलएफ फेज-2 थाना क्षेत्र में एक युवती ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर पर जबरन बीयर पिलाकर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। युवती नौकरी की तलाश में बिहार से साइबर सिटी पहुंची थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर उसके बयान अदालत में कलमबंद कराए।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। युवती ने पुलिस को बताया कि रेहान ग्रुप में नौकरी के लिए जगह खाली थी जिसके लिए उसने कंपनी में आवेदन किया था। कंपनी ने 21 मई को उसे इंटरव्यू के लिए बुलाया था।
इंटरव्यू कंपनी के एमडी जीके अग्रवाल ने लिया और नौकरी देकर सोमवार से काम शुरू करने के लिए कहा। सोमवार को जब युवती काम पर पहुंची तो एमडी उसे कापसहेड़ा में दूसरा प्लांट दिखाने ले गया। आरोप है कि लौटते समय एमडी ने उसे जबरन बीयर पिलाई और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे।
काफी विरोध के बाद शाम 6:00 बजे आरोपी ने सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास युवती को कार से उतार दिया। रात में युवती ने पुलिस से शिकायत की। जांच कर रहे एएसआई विजेंद्र ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद आरोपी एमडी की गिरफ्तारी के तीन बार उसके घर पर दबिश दी गई है, लेकिन अभी तक वह हाथ नहीं आया है।