पश्चिम दिल्ली के ख्याला इलाके में पड़ोसी को शराब पीने से मना करने की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। आरोपियों ने परिवार के सामने ही चाकू से गोदकर युवक की हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त दीपक कुमार (35) के रूप में हुई है।
वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक दीपक अपने परिवार के साथ आरजेड-105, नरसिंह गार्डन, ख्याला में रहता था। परिवार में माता-पिता, पत्नी, दो बच्चों के अलावा एक छोटा भाई सूरज है। दीपक सरोजनी नगर इलाके में दुकान पर काम करता था। दीपक के घर के बराबर में उदय व पंकज नामक दो युवकों की परचून की दुकान है।
अक्सर इनकी दुकान पर बाहर के कुछ लड़के आकर शराब पीकर हंगामा व शोर-शराबा करते थे। दीपक हमेशा इसका विरोध करता था। दो-तीन पूर्व दीपक का उदय व पंकज से झगड़ा भी हुआ था। बृहस्पतिवार रात को दीपक अपने घर पर मौजूद था। इस बीच उदय व पंकज के अलावा चार-पांच लड़के जबरन दीपक के घर में घुस गए।
इन लड़कों ने दीपक को घर से बाहर निकाल लिया। बुरी तरह पीटने के बाद उन्होंने चाकू से दीपक पर हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में दीपक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने शुक्रवार को उदय व पंकज को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।