गुडगांव के तावड़ू के गांव सुनारी में मंगलवार को युवक की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो युवकों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हत्या के दोनों आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा जताया है।
मृतक तारिफ उर्फ काला के पिता आमीन निवासी गांव सुनारी ने पुलिस को अपने बयान में बताया कि मंगलवार की सुबह तारिफ गांव के ही साहून के होटल पर बैठा हुआ था। उसी समय इरफान पुत्र जमील मोटरसाइकिल पर आया और तारिफ को अपने साथ बैठाकर ले गया।
मंगलवार दोपहर 2:30 बजे इरफान व खालिद मोटर साइकिल पर तारिफ को मृत अवस्था में घर के सामने फैंक कर भागने लगे। आमीन और उनके भाई जानू ने उक्त दोनों युवकों से पूछना चाहा कि यह क्या किया, तो वह यह कहते हुए भाग गए कि अभी गाड़ी लेकर आते हैं। आमीन का कहना है कि तारिफ के पेट में गोली मारी गई थी और उसके पैर सड़क पर घसीटने के कारण बुरी तरह छिले हुए थे तथा वह खून में लथपथ था।
मृतक के पिता का कहना है कि जब देर शाम तक दोनों युवक नहीं आए तो बिरादरी तौर पर एकत्रित होकर देर शाम तक जांच पड़ताल की तो पता लगा कि उनके मृतक बेटे तारिफ की हत्या उक्त दोनों युवकों ने आठ दस दिन पहले हुए आपसी छोटे-मोटे झगड़े की रंजिश के चलते की है। पुलिस ने इरफान व खालिद के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।