जिले में महिलाओं की आबरू के साथ खिलवाड़ थमने का नाम नहीं ले रहा। कासना कोतवाली क्षेत्र में कामकाजी महिला को कार में अगवा कर दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। वहीं जेवर में एक शिक्षिका से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है।
वहीं दादरी कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने जेठ पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। एसपी देहात सुजाता सिंह ने इन मामलों में अपने अधीनस्थों को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
केस----एक
परी चौक के पास किया अगवा
सूरजपुर निवासी महिला ने कासना कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-64 स्थित कबाड़े के गोदाम में काम करती है। आरोप है कि गोदाम संचालक रियाजुद्दीन उससे अक्सर छेड़छाड़ करता था, लेकिन नौकरी से निकालने के डर के कारण वह उसकी शिकायत नहीं करती। मंगलवार को वह मंदिर जा रही थी। इसी दौरान परी चौक के पास कार में सवार होकर आए रियाजुद्दीन और उसके साथी जमील व अन्य ने उसे कार में अगवा कर लिया और उससे दुष्कर्म की कोशिश की। इस दौरान कुछ दूर आगे जाने पर अचानक कार का गेट खुल गया और महिला सड़क पर कूद गई। शोर सुनकर आए लोगों ने उसे बचाया। पुलिस नेे रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया है।
केस - दो
शिक्षिका को घर में खींचा
जेवर कस्बा निवासी युवती व उसके परिजन मंगलवार को एसपी देहात के कार्यालय में पहुंचे। युवती ने बताया कि वह एक निजी स्कूल की शिक्षिका है। उसके पड़ोस में रहने वाला युवक स्कूल जाने आने के दौरान उससे अक्सर छेड़छाड़ करता है। 3 नवंबर को स्कूल से लौटने के दौरान युवक ने शिक्षिका का हाथ पकड़कर घर में खींचने की कोशिश की। शिक्षिका के शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने उसे बचाया। युवती का आरोप है कि कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद आरोपी पर अब तक कार्रवाई नहीं की गई है। इससे उसका स्कूल जाना दूभर हो गया है।
केस - 3
जेठ पर आबरू लूटने का आरोप
नई आबादी, दादरी के एक परिवार ने बेटी का निकाह 14 साल पहले हल्दौनी निवासी युवक सेे किया था। आरोप है कि ससुराल वाले महिला को दहेज के लिए लंबे अर्से से प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने जेठ पर आरोप लगाया है कि वह उससेे दुष्कर्म करता है। ससुराल के अन्य लोग भी उस पर घर से रुपये लानेे का दबाव बनाते हैं। ससुराल वालों पर आरोप है कि उन्होंने महिला को जहर देकर मारने की भी कोशिश की। रुपये लाने सेे मना करने पर भी आरोपियों ने महिला को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस नेे जेठ व अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जेवर पुलिस को शिक्षिका की शिकायत पर कार्रवाई का आदेश दिया गया है। वहीं कासना कोतवाली पुलिस नेे रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दादरी थाना पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि मामला बिसरख थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, लेेकिन जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई होगी। -सुजाता सिंह, एसपी देहात