जाफराबाद इलाके में शुक्रवार रात बाइक का पहिया पैर पर चढ़ जाने से नाराज एक शख्स ने युवक को गोली मार दी। गोली युवक के पैर पर लगी है।युवक को जख्मी हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जाफराबाद थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर फरार आरोपीकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान विनय (18) के रूप में हुई है। वह सपरिवार कच्ची कॉलोनी मौजपुर में रहता है। उसका सीलमपुर में जींस वॉशिंग का काम है।
शुक्रवार रात करीब सवा दस बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। आदर्श मोहल्ला की गली में धर्मवीर उर्फ बिल्ला खड़ा था। गलती से विनय की बाइक का अगला पहिया धर्मवीर के पैर पर चढ़ गया।
इससे गुस्साए धर्मवीर ने विनय की पिटाई कर दी और पिस्टल से उसपर गोली चला दी। गोली विनय के पैर में लगी। गोली चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जख्मी विनय को अस्पताल पहुंचाया।