क्राइम ब्रांच ऊंचागांव ने रेव पार्टियों में इस्तेमाल होने वाली नशीली ड्रग्स ‘क्रिस्टल मेथाम्फेटामाइन’ के साथ बल्लभगढ़ निवासी लक्की शर्मा को गिरफ्तार किया है।
नशेबाजों में आइस, क्रिस्टल और ग्लास आदि नाम से मशहूर 362 ग्राम ड्रग्स लक्की के पास से पुलिस ने बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच के एएसआई जलाल उद्दीन बुधवार शाम पुलिस बल के साथ चंदावली पुल के पास गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि एक युवक सेक्टर-65 के टी प्वाइंट पर क्रिस्टल नाम की नशीली दवा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इस पर उन्होंने छापा मारा।
जेब से सफेद क्रिस्टल पाउडर जैसा पदार्थ निकला
- फोटो : demo pics
पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसकी जेबों से सफेद क्रिस्टल पाउडर जैसा पदार्थ निकला। उसे हिरासत में ले लिया गया, उसने अपना नाम लक्की शर्मा निवासी बल्लभगढ़ बताया।
बताया कि छाता (मथुरा) में रहने वाले एक युवक ने उसे यह ड्रग्स दी थी। उसे यह ड्रग्स दिल्ली से आने वाले एक व्यक्ति को सौंपनी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
डीसीपी बल्लभगढ़ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि लक्की यह ड्रग्स कहां से लाता था और कौन लोग इस काम में लगे हैं, इसकी जानकारी उसे रिमांड पर लेकर पता की जाएगी, फिलहाल ड्रग्स के धंधे में मथुरा और आगरा के लोगों के जुड़े होने की बात बताई गई है।
खराब हुई नीयत
- फोटो : demo pics
क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक, लक्की को छाता में रहने वाले एक युवक ने यह ड्रग्स बेचने के लिए दी थी। वह कुछ दिनों से इसे बल्लभगढ़ क्षेत्र में बेचने का प्रयास कर रहा था।
इस दौरान उसकी नीयत खराब हो गई। जब युवक ने उससे पैसे मांगे, तो उसने झूठ बोल दिया कि बिक्री नहीं हुई तो डर कर उसने पाउडर फेंक दिया।
अब वह ग्राहक ढूंढ रहा था और बात पुलिस तक पहुंच गई।