पंजाबी बाग इलाके में शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद एक शख्स ने घायल की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन घायल को बचाया नहीं जा सका। परिवार वालों ने मृतक के रुपये और घड़ी आदि गायब होने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, नितेश (35) पत्नी मोनिका और बेटी के साथ शालीमार बाग इलाके में रहता था। मूलत: उज्जैन का रहने वाला नितेश होजियरी का काम करता था। उसकी पत्नी के मुताबिक नितेश शुक्रवार सुबह गांधी नगर के लिए स्कूटी से निकला था।
उसके पास 25 हजार रुपये थे, जिसे किसी को देना था। रात साढ़े नौ बजे नितेश ने पत्नी को फोन कर बताया कि वह तिलक नगर में सामान पैक करवा रहा है। कुछ देर में घर पहुंचेगा। बाद में मोनिका ने नितेश के मोबाइल पर फोन लगाया लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ मिला।
करीब साढ़े दस बजे मोनिका के पास एक पुलिसकर्मी का फोन आया और उसने बताया कि नितेश का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही मोनिका अग्रसेन अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि नितेश की मौत हो चुकी है।
मोनिका ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें सिर्फ ढाई सौ रुपये वापस किए हैं, जबकि उसकी घड़ी व अन्य सामान गायब है। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।