दादरी के गांव छपरौला स्थित धर्मकांटा के सामने पैदल जा रहे महिला और उसके आठ साल के बेटे को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रक छोड़ कर भाग गया।
इससे नाराज लोगों ने जीटी रोड पर करीब एक घंटे तक जाम लगाकर ट्रैफिक बाधित कर दिया। घायल महिला का गाजियाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी चालक को तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मूलत: कानपुर के गांव कौरू निवासी शील कुमार विजय नगर (गाजियाबाद) में रहता है। रविवार को उसकी पत्नी मंजू बेटे रितिक (8) को लेकर छपरौला आई थी। छपरौला में धर्मकांटा के पास दोनों को ट्रक ने टक्कर मार दी।
जिससे रितिक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। बादलपुर कोतवाली प्रभारी ने मंडी समिति से मदद दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।