दिल्ली के आईपी एस्टेट इलाके में बृहस्पतिवार देर रात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के रुकने का इशारा करने पर बदायूं के भवानीपुर गांव निवासी चालक नबी ने उन पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, दरियागंज ट्रैफिक सर्किल में तैनात हवलदार राधे कृष्ण बृहस्पतिवार रात दो सिपाहियों विजय और रोहित के साथ डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास वाहनों की चेकिंग कर रहा था।
रात सवा दस बजे राधे कृष्ण ने राजघाट की ओर से आ रहे ट्रक को रुकने का इशारा किया। चालक नबी ने पहले तो ट्रक की रफ्तार कम कर दी, लेकिन ट्रैफिक कर्मियों के पास पहुंचते ही रफ्तार बढ़ा दी। ट्रैफिक कर्मियों ने किसी तरह से जान बचाई।
पुलिसकर्मियों ने जिप्सी से ट्रक का पीछा किया, लेकिन नबी जिप्सी को टक्कर मारने के लिए ट्रक को आड़ा-तिरछा चलाने लगा।
बेकाबू हो चुके ट्रक पर काबू पाने के लिए पुलिसकर्मियों को आश्रम चौक का ट्रैफिक रोकना पड़ा, उसके बाद ही नबी गिरफ्त में आ सका। ट्रैफिक पुलिसकर्मी उसे लेकर आईपी एस्टेट थाने पहुंचे। लापरवाही से वाहन चलाने के साथ-साथ अन्य धाराओं में मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया।