शालीमार बाग स्थित डीटी मॉल के ऑन क्लब के मालिक की संदिग्ध हालात में सिर में गोली लगने से मौत हो गई। गोली लगने के बाद नासिर खान(28) को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच में खुदकुशी की आशंका जताई है। मामले में क्लब के पाटर्नरों और दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने क्लब के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। फुटेज में तीन संदिग्ध के दिखने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार नासिर अपने चाचा आबाद खान के साथ शालीमार बाग इलाके में रहता था।
वह मूलत: बागपत के तिलपानी गांव का रहने वाला था। उसके परिवार में पत्नी और एक छह माह का बेटा है। वह गांव में रहते हैं। नासिर अकसर क्लब में रहता था।
बुधवार रात करीब 11:45 बजे पुलिस को शालीमार बाग स्थित ऑन क्लब में गोली चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी नासिर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नासिर के सिर में गोली लगी थी।