हिसार नई सब्जी मंडी के व्यापारी से फिरौती मांगने के बाद सिटी थाने पहुंचकर विरोध जताते हुए
- फोटो : bureau
हिसार शहर में मंगलवार सुबर करीब साढ़े ग्यारह बजे चार लोगों ने कार में जा रहे नई सब्जी मंडी के आढ़ती सुनील बजाज का अपहरण कर लिया और डेढ़ घंटे बाद 10 लाख रुपये की फिरौती लेकर छोड़ दिया। अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की दूसरी किस्त 15 लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने ढाणी श्यामलाल के इंद्र गुर्जर सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पीएलए निवासी 40 वर्षीय सुनील बजाज ने बताया कि उसकी नई सब्जी मंडी में सतगुरु फ्रूट कंपनी नाम से आढ़त की दुकान है। वह अपनी कार में दुकान से घर जा रहा था। शांति नगर में टंकी के पास पहुंचा तो कुछ लोगों ने स्कॉर्पियो गाड़ी उसकी कार के आगे अड़ा दी। स्कॉपियो में इंद्र गुर्जर समेत चार युवक सवार थे। दो युवक गाड़ी से नीचे उतरे और सुनली की कार में बैठकर बोले कि अपनी सलामती चाहते हो तो हमारे साथ चलो। इसके बाद वे उसे कार समेत अपहरण कर ढाणी श्यामलाल के एक मकान में ले गए। वहां इंद्र और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। अपहरणकर्ताओं ने कहा कि वह 50 लाख रुपए मंगवा ले, वर्ना अंजाम बुरा होगा। इसके बाद 25 लाख रुपये में मामला निपटाने की बात कह 10 लाख रुपये फौरन मंगाने का दबाव बनाया।
दोस्त से मंगाकर दिए 10 लाख रुपये
सुनील ने बताया कि खुद को फंसा मानकर उसने अपने साथी आढ़ती सुरेंद्र सिंह को फोन किया और 10 लाख रुपये का जल्द बंदोबस्त करने की बात कही। अपहरणकर्ताओं ने सुरेंद्र से 10 लाख रुपये लेकर सुनील को डेढ़ घंटे बाद आजाद कर दिया।
आढती एसो. सदस्यों के साथ पहुंचा थाने
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटने के बाद सुनील नई सब्जी मंडी में पहुंचा। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मोहन लाल सैनी को आपबीती सुनाई। आढ़तियों के साथ सिटी थाने पहुंचकर एसएचओ मंदीप सांगवान को अपहरणकर्ताओं के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मंडी प्रधान ने कहा कि बुधवार सुबह तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो नई सब्जी मंडी बंद करेंगे।