कार का शीशा तोड़ कर अंदर रखा सामान चुराने वाले गिरोह ने बुधवार को एक महिला सहित दो लोगों को निशाना बना डाला। नीलम बाटा रोड स्थित डॉ. सौरव होम्योपैथिक क्लीनिक पर बुधवार शाम एक महिला इलाज कराने गई थीं। कार बाहर खड़ी कर वह डॉ. सौरव का इंतजार कर रही थीं।
इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आए और उनकी कार का चालक सीट वाला शीशा तोड़कर अंदर रखा पर्स उठा ले गए। डॉ. सौरव के मुताबिक पर्स में करीब 70 हजार रुपये थे। सूचना देने के आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची और बाइक सवारों की तलाश की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
दूसरी घटना बुधवार शाम सेक्टर 28 मेट्रो स्टेशन के पास हुई। चोर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे 20 लाख रुपये निकाल ले गए। एसएचओ सेक्टर ने बताया कि थाने पर ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है, यदि शिकायत दी जाएगी तो केस दर्ज कर तफ्तीश की जाएगी।