चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर एक्सरे मशीन से एक ज्वेलर का बैग चुराने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बैग में पौने सात लाख रुपये के गहने थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पकड़े गए बदमाश की पहचान खजूरी कॉलोनी सेक्टर-45 नोएडा निवासी बृजेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
मेट्रो पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पीतमपुरा निवासी अमित निथानी का चांदनी चौक में गहने का कारोबार है। गत 7 नवंबर को अमित अपने बैग में पौने सात लाख के सोने और हीरे के गहने लेकर घर के लिए रवाना हुए।
वह मेट्रो ट्रेन पकड़ने के लिए चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बैग को एक्सरे मशीन में डाला। इसी दौरान किसी बदमाश ने उनका बैग उड़ा लिया।
सीसीटीवी कैमरे ने खोला राज
दिल्ली मेट्रो
- फोटो : FILE PHOTO
अमित ने अपनी शिकायत में बताया कि चार पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और कोई उसका बैग लेकर फरार हो गया। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना प्रभारी कंचनलाल मीणा ने घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। जिसमें एक युवक को बैग लेकर जाते हुए देखा गया। पुलिस ने आरोपी के जाने वाले रास्ते के कई स्टेशनों जिसमें चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, नई दिल्ली, बोटेनिकल गार्डन सहित अन्य स्टेशनों का सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में कर उसकी जांच की।
मेट्रो पुलिस ने सभी स्टेशनों पर आरोपी का फोटो चस्पा किया और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर गहने से भरा बैग बरामद कर लिया।