कोटला मुबारकपुर (केएम पुर) में भाजपा नेता के घर में चोरी होने का मामला सामने आया है। वहीं वसंत कुंज इलाके में भी चोरों ने शराब के ठेेके पर हाथ साफ कर दिया।
चोर दोनों ही जगहों से करीब 35 लाख रुपये का सामान व नकदी ले गए हैं। संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार शाम तक दोनों ही मामलों में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भाजपा नेता महेश बसोया बापू पार्क, कोटला मुबारकपुर इलाके में परिवार के साथ रहते हैं। वह भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं। चोरों ने सोमवार तड़के करीब चार बजे उनके घर पर हाथ साफ कर दिया।
चोर उनके घर से करीब 14 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, सवा लाख रुपये और मोबाइल ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि ऐसा लगता है कि चोरों ने उनके ऊपर कोई स्प्रे डाल दिया था, इस कारण उनकी नींद नहीं खुली।
चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर आभूषण व नकदी चुराई है। वारदात के वक्त परिवार के लोग ड्राइंग रूम में सो रहे थे। शिकायत मिलने के बाद कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना वसंत कुंज इलाके की है। यहां पर डीडीए मार्केट में शराब का ठेका है। चोर दीवार तोड़कर ठेके के अंदर घुसे और नकदी चुराकर ले गए। चोरी की रकम करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
ठेके के अंदर तीन दिन का कैश रखा हुआ था। वसंत कुंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना में चोरों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। हालांकि शाम तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।