फर्रुखनगर क्षेत्र के गांव खेड़ा-झांझरौला में दो परिवारों के बीच बिजली को लेकर झगड़ा हो गया। लड़ाई के दौरान दोनों परिवार से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस दोनों पक्ष से मामला दर्ज की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश पुत्र पृथ्वी सिंह जाति अहीर निवासी खेडा झांझरौला ने पुलिस में शिकायत दी हैं कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। बृहस्पतिवार की रात साढ़े नौ बजे बिजली नहीं होने के कारण जनरेटर चलाकर घर के बाहर बैठा हुआ था।
इस दौरान गांव के ही बिट्टू, पूर्व सरपंच विष्णु पुत्र रामफल यादव एवं विकाश पुत्र सोहनलाल घर के बाहर खड़े होकर कहने लगे कि तुमने गलत तरीके से लाइट जलाई हुई है। इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया और उपरोक्त तीनों व्यक्तियों ने चाकू व डंडो से मेरे लड़कों सतेंद्र, जितेंद्र व कृष्ण पर हमला बोल दिया और हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गये।
उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया और सतेंद्र की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं दूसरे पक्ष के अनुसार कमलेश पत्नी चिरंजीलाल खेतीबाड़ी का काम करते हैं। लाइट न होने के कारण बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे घर के बाहर बैठे हुए थे।
इसी बीच गांव के जितेंद्र, सतेंद्र व कृष्ण ने आकर गालीगलौज कर चाकू व डंडों से हमला बोल दिया। उपरोक्त युवकों ने चिरंजी, विकाश, विष्णु व बिट्टू पर कई वार किये। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने चिरंजीलाल को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों पक्ष की ओर से मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।