संदिग्ध हालात में बुधवार को लापता हुए स्पेयर पार्ट्स व्यापारी विवेक मित्तल का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। चार दिन की जांच के बाद व्यापारी की गुमशुदगी अपहरण और साजिश की आशंका में उलझी हुई है। वहीं, परिजन को अनहोनी की आशंका सता रही है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसकी पत्नी को सुपुर्दगी में घर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पड़ताल में सामने आया है कि विवेक मित्तल और उसकी पत्नी का विवाद हुआ था। उनके एक रिश्तेदार ने बुधवार को घर बुलाकर सुलह करा दी थी। रिश्तेदार के घर से दोनों पति-पत्नी साथ निकले थे। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे तक दोनों साथ थे। इसके बाद विवेक मित्तल लापता हो गया।
विवेक पत्नी से किसी से रुपये लेने की बात कहकर चला गया था और वापस नहीं लौटा। पुलिस ने इस मामले में उसकी पत्नी व एक युवक से लंबी पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अब तक व्यापारी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस मामले में फिलहाल गुमशुदगी दर्ज कर व्यापारी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।