गीता कॉलोनी फ्लाई ओवर पर शनिवार दोपहर बाइक सवार झपटमारों को रोकने के दौरान एक बदमाश ने सिपाही को गोली मार दी। गोली सिपाही के हथेली पर लगी। उसे जख्मी हालत में लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, पिकेट पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने गोली मारकर भाग रहे बदमाश को बाइक से खींचकर दबोच लिया, जबकि उसका सहयोगी बाइक समेत भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए बदमाश के पास से एक पिस्टल मिली है। उसकी गिरफ्तारी से लूटपाट व झपटमारी के 36 मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में दबिश दे रही है।
शनिवार दोपहर दो बजे एक बाइक पर सवार दो युवकों को देखकर पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रूकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। शक होने पर सिपाही भीमा राम आगे बढ़कर बाइक को रोकने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान पिछली सीट पर बैठे बदमाश मनोज (24) ने भीमा पर गोली चला दी।