नोएडा सेक्टर-82 से बुधवार रात लिफ्ट लेना मदरसन कंपनी के सहायक प्रबंधक को महंगा पड़ गया। लिफ्ट देने वालों ने पहले तो चलती कार में उनकी पिटाई कर एटीएम कार्ड छीना, फिर धमकाकर पिन नंबर भी पूछ लिया।
इसके बाद बदमाशों ने ओमेगा सेक्टर में एटीएम से 24 हजार रुपये निकाले और पीड़ित को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। नोएडा सेक्टर-82 स्थित मदरसन कंपनी में नवनीत सहायक प्रबंधक के रूप में कार्य करते हैं। वह ग्रेटर नोएडा की सिल्वर सिटी सोसायटी में रहते हैं।
बुधवार रात करीब नौ बजे सेक्टर-82 स्थित कंपनी से छुट्टी होने के बाद वह भंगेल रोड पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार में सवार लोगों ने उन्हें लिफ्ट ऑफर किया, तो वह कार में बैठ गए।
कार में पहले से ही चालक समेत तीन लोग मौजूद थे। कार परी चौक पहुंचने से थोड़ा पहले बदमाशों ने नवनीत की पिटाई शुरू कर दी। दहशत में डालने के बाद बदमाशों ने नवनीत को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और उनका पर्स, मोबाइल और एटीएम कार्ड छीन लिया।
बदमाशों ने धमकाकर उनसे एटीएम कार्ड का पिन नंबर भी ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने ओमेगा सेक्टर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से 24 हजार रुपये निकाले और पीड़ित को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
बाद में पीड़ित ने परी चौक स्थित चौकी पर लूट की जानकारी पुलिस को दी। कासना थाना प्रभारी धनंजय मिश्र ने बताया कि लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जाएगी।