फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बच्चे को दूंगी जन्म,लेकर रहूंगी इंसाफ

Fri, 20 May 2016 12:54 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला गाजियाबाद
विज्ञापन
अपराध्‍ा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दो साल से लिव-इन रिलेशन में रही छह माह की गर्भवती युवती का कहना है कि वह न केवल अपने बच्चे को जन्म देगी, बल्कि अपने हक की लड़ाई भी लडे़गी। युवक  से कोर्ट मैरिज का दावा करने वाली यह युवती फिलहाल जहां अस्पताल में  है, वहीं उसका प्रेमी युवक पुलिस की हिरासत में है।
विज्ञापन


फिल्मों जैसी यह कहानी है विजयनगर थाना क्षेत्र की। अस्पताल में भर्ती युवती का कहना है कि वह अपने प्रेमी के साथ चार साल पहले स्कूल में पढ़ती थी, तभी से वह रिलेशनशिप में हैं। दोनों दो साल से किराए पर फ्लैट लेकर लिव-इन में रह रहे थे।

पिछले साल उन्होंने हरिद्वार में शादी कर ली थी। इसी साल फरवरी में कोर्ट मैरिज भी की। अब वह छह माह की गर्भवती है। दो दिन पहले उसे पता चला कि उसके प्रेमी ने दूसरी शादी कर ली है। बुधवार रात उसने प्रेमी के घर जाकर इसका विरोध किया तो उसके घरवालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
विज्ञापन


उसका मोबाइल तोड़ दिया। उसकी तबियत बिगड़ गई तो प्रेमी ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अब उसके घरवाले दबाव बना रहे हैं कि वह उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न करे। युवती का कहना है कि वह अपने प्रेमी से बात करेगी, अगर वह दूसरी पत्नी को तलाक देने को राजी है तो वह उसके साथ रहेगी, नहीं तो कोर्ट जाएगी।

दूसरी तरफ, पुलिस की हिरासत में युवक ने बताया कि वह युवती के साथ लिव-इन में रह रहा था, लेकिन उसने शादी नहीं की है। जांच अधिकारी युवराज सिंह यादव ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।

मचा अपहरण का हल्ला
बुधवार रात युवती का मोबाइल टूट जाने और उसके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उसके परिजनों को नहीं थी। उन्होंने युवती से संपर्क करने की कोशिश की, मगर संपर्क नहीं हो सका तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बेटी का उसके ‘ससुरालवालों’ ने किडनैप कर लिया है। वह उसकी हत्या भी कर सकते हैं। पुलिस हरकत में आई और छानबीन शुरू की तो पता चला कि युवती अस्पताल में भर्ती है।

नर्स ने मंगेतर पर लगाया रेप और ठगी का आरोप
तलाकशुदा नर्स ने अपने मंगेतर पर शादी का झांसा देकर रेप करने और ठगी का आरोप लगाया है। नर्स बरेली में अपने घर गई हुई थी, इसी बीच मंगेतर घर में रखा सारा सामान लेकर भाग गया। जब नर्स घर से लौटी तो फ्लैट खाली मिला।

उन्होंने इसकी शिकायत थाना इंदिरापुरम में की है। पुलिस ने शिकायत लेकर आरोपी मंगते की तलाश शुरू कर दी है। मूलरूप से बरेली निवासी नर्स वैशाली में किराए के मकान में रहती हैं। वह तलाकशुदा हैं और एक अस्पताल में काम करती हैं।

उन्होंने बताया कि इंटरनेट पर एक मैट्रीमोनियल साइट पर दोबारा शादी के लिए आवेदन किया था। फरवरी मे कानपुर निवासी एक व्यक्ति ने फोन किया और खुद को दिल्ली स्थित एक आईटी कंपनी में इंजीनियर बताया।

उसने बताया कि वह भी तलाकशुदा है और मैट्रीमोनियल साइट से उनके बारे में जानकारी मिली है। दोनों की मुलाकात हुई और गत 21 फरवरी को उन्होंने सगाई कर ली। करीब डेढ़ महीने पहले युवक के हाथ में चोट लग गई, जिसके बाद वह उनके साथ ही रहने लगा। उनका आरोप है कि इस दौरान शादी का झांसा देकर युवक ने उनके साथ संबंध भी बनाए।

पिछले सप्ताह से वह अपने माता पिता के पास बरेली चली गई थी। बुधवार को घर लौटी तो फ्लैट में रखी अलमारी, फ्रीज, कूलर, बेड, सोने की तीन अंगूठी और टीवी सहित सारा सामान गायब था।

युवक ने युवती के लिए एक पत्र छोड़ा था, जिसमें लिखा था कि वह उससे शादी नहीं कर सकता है, इस लिए जा रहा है। नर्स ने थाना इंदिरापुरम में शिकायत दी है। एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि अरोपी युवक का मोबाइल बंद है, सर्विलांस टीम इस पर काम रही है। दोनों के परिजनों से बात करने की कोशिश की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फोन पर दी धमकी
नर्स ने बताया कि उन्होंने युवक को फोन किया तो उसने धमकी दी कि जो करना है कर लो, वह उससे शादी नहीं करेगा। वह अब मुंबई आ गया है। इसके बाद उन्होंने कानपुर में उनके माता पिता को फोन मिलाया तो उन्होंने भी फोन नहीं उठाया। इसके कुछ देर बाद उन्होंने फोन बंद कर लिया। उन्होंने बताया कि उनका जनवरी में तलाक हो चुका है। युवक का भी कुछ वर्ष पहले तलाक हुआ है। उसकी तीन वर्ष की बेटी भी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें