बृजविहार में बाइक पर स्टंट दिखा रहे किशोर ने दो साल के बच्चे को टक्कर मार दी। स्टंटबाज बच्चे के पैर पर बाइक चढ़ाकर भाग निकला। बच्चे की दादी उसे तुरंत उठाकर अस्पताल ले गई।
कुछ लोगों ने स्टंटबाज का पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आया। डॉक्टर के अनुसार, बच्चे के बाएं पैर का मांस फट गया है।
मंगलवार दोपहर को बृजविहार सी ब्लॉक के मकान संख्या 447 के बाहर डबल स्टोरी में रहने वाली फूलवती देवी अपने दो साल के पोते अतुल के साथ खड़ी पड़ोसन से बात कर रही थी।
तभी अचानक पीछे से एक तेज रफ्तार स्टंटबाज आया और उनके पोते को टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से पोता उछलकर दूर जा गिरा। स्टंटबाज पोते के पैर पर बाइक चढ़ाकर भागने लगा।
इस दौरान कुछ लोग उसके पीछे दौड़े मगर वह भाग निकला। वे अतुल को अस्पताल लेकर पहुंचीं। बच्चे के सिर में गुम चोट लगी है, साथ ही उसके पैर का मांस फट गया है।
चौकी इंचार्ज आजादपाल का कहना है कि स्टंटबाजों पर जल्द कार्रवाई होगी।