शहर के एक निजी स्कूल में छात्र को थप्पड़ मारने वाली अंग्रेजी की अध्यापिका को पटौदी रोड चौकी की पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद उसे अदालत में पेश किया। जहां पर अदालत ने उसे जमानत पर छोड़ दिया।
होंडा कंपनी में कार्यरत छात्र के पिता का आरोप है कि स्कू ल अध्यापिका की पिटाई से उनके बेटे के बाएं कान का पर्दा फट गया। शिवाजी पार्क निवासी ऋषिपाल का 14 वर्षीय बेटा उमेश कुमार शिव नगर स्थिल शारदा इंटरनेशनल स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ता है।
पुलिस को दी शिकायत में ऋषिपाल ने बताया कि 22 अप्रैल को उनका बेटा स्कूल गया हुआ था। जहां पर किसी बात को लेकर अंग्रेजी अध्यापिका रीता ने उसकी पिटाई कर दी। टीचर ने उमेश के बाएं कान पर थप्पड़ लगा दिया। जिससे उसके कान का पर्दा फट गया।
घर जाकर छात्र ने इसकी जानकारी दी। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने कानूनी राय के बाद दो दिन पहले अध्यापिका के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने सोमवार सुबह उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे इलाका मजिस्ट्रेट गगनदीप मित्तल की अदालत में पेश किया। बताया गया है कि टीचर ने अपने बयान में थप्पड़ मारने की बात कबूली है। अदालत ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया है।