बीती रात वजीराबाद गांव के पास ट्रैक्टर लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार स्विफ्ट कार में आए चार बदमाशों ने ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रुकवा लिया।
दो बदमाशों ने चालक को डरा धमका ट्रैक्टर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिस पर सुशांतलोक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलरुप से झारखंड के कोठी तोली निवासी मनोज वजीराबाद के पास चल रहे निर्माणाधीन बिल्डिंगों में ट्रैक्टर से पानी की सप्लाई के लिए जा रहा था।
देररात दो बजे वजीराबाद गांव के पास पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार में आई स्विफ्ट कार ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करते हुए रोका।
ट्रैक्टर चालक के ब्रेक लगाते हुए कार से चार बदमाश निकलकर बाहर आए और उन्होंने चालक के साथ मारपीट शुरु कर दी। दो बदमाशों ने उसे नीचे उतार ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
देररात हुई वारदात के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई कृष्ण गोपाल के अनुसार आरोपियों की पहचान की जा रही है हालांकि अभी इस बारें में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन जल्द ही आरोपियों की पकड़ लिया जाएगा।