खौड में दो दिन पूर्व हुई युवक की मौत के कारणों की मजिस्ट्रेट जांच जारी है। निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित थाना क्षेत्र के एसएचओ और दो पुलिस कांस्टेबलो को निलंबित कर दिया गया है। शुक्रवार को इस मामले पर विधानसभा में गृह राज्य मंत्री सज्जाद अहमद किचलू ने सदन को यह जानकारी दी।
किचलू ने सदन को बताया कि हरबंस लाल उर्फ पंछी राम पुत्र बूटी राम निवासी कारलिया घरोटा जिला जम्मू को 26 और 27 अगस्त, 2014 की रात के बीच खौड से जीएमसी जम्मू शिफ्ट किए जाने के बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई थी। मृतक को एक आपराधिक मामले में पुलिस ने शामिल पाया था।
मंत्री ने सदन को बताया कि मृतक के खिलाफ खौड थाने में योगेंद्र कुमार निवासी कैंप खौड की हत्या में शामिल होने के कथित आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी।
26 अगस्त को हरबंस लाल पुलिस की हिरासत में था। आरोपी ने छाती में दर्द की शिकायत पुलिस से की और उसे पलांवाला अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पलांवाला अस्पताला से जब उसे जीएमस जम्मू रेफर किया गया तो रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
गृह राज्य मंत्री किचलू ने कहा कि मौत के कारणों की जांच के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने पहले ही आदेश जारी कर दिया था। मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी डॉक्टरों के बोर्ड ने किया था।
पुलिस में विभागीय जांच की जिम्मेदारी भी एसपी साउथ जम्मू को सौंपी गई है। निष्पक्ष जांच के लिए खौड के एसएचओ और दो पुलिस कांस्टेबलों को भी निलंबित किया गया है।