रोहिणी के एक निजी स्पीच थेरेपी इंस्टीट्यूट में पांच साल की बच्ची के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। बच्ची ने इसके बारे में एक महिला शिक्षक को इशारे में बताया।
इसके बाद घटना का खुलासा हुआ। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर बेगमपुर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक हरि प्रकाश (30) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पांच साल की बच्ची परिजनों के साथ रोहिणी में रहती है। बच्ची ठीक से बोल नहीं पाती है। परिजनों ने उसका सेक्टर-9 के एक स्पीच थेरेपी इंस्टीट्यूट में दाखिला करवाया था।
बच्ची ने महिला शिक्षक को सारी बात बताई
- फोटो : सांकेतिक चित्र
जब तक बच्ची की थेरेपी होती थी, उसकी मां बाहर इंतजार करती थी। शुक्रवार को बच्ची ने पेट के निचले हिस्से में दर्द की शिकायत की, लेकिन परिजनों के कुछ समझ में नहीं आया।
शनिवार को परिजन उसे लेकर इंस्टीट्यूट पहुंचे तो बच्ची ने महिला शिक्षक को सारी बात बताई। शिक्षक ने इसकी जानकारी बच्ची की मां को दी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मूलत: बिहार का रहने वाला आरोपी पांच साल से यहां काम कर रहा है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।