बाइक सवार बदमाशों की दुस्साहसिक वारदातों से बृहस्प्तिवार को लोनी दहल उठा। बाइक सवार दो बदमाशों ने दोपहर करीब तीन बजे जहां ईंट भट्ठा मजदूर से दस हजार की नगदी लूट ली।
वहीं रात करीब साढे़ 9 बजे एमटीएस मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर्स भाइयों को गन प्वाइंट पर लेकर 4 लाख नगदी और 6 लाख कीमत के कूपन लूट ले गए।
विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों ही जगह फायरिंग भी की। लोनी कोतवाल गोरखनाथ यादव का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
लोनी के गढ़ी सबलू निवासी पवन बंसल मोबाइल कंपनी एमटीएस का डिस्ट्रीब्यूटर्स है। बलराम नगर में उनकी दुकान है। बृहस्पतिवार रात करीब साढे़ 9 बजे पवन के भाई नरेंद्र और भूपेंद्र दुकान बंद कर कार से अपने घर की ओर जा रहे थे।
अमन गार्डन कालोनी के पास पीछे से दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया। चारों बदमाशों के हाथ में पिस्टल और तमंचे लहरा रहे थे। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर पिछली सीट पर रखा बैग उठा लिया।
बैग में 4 लाख की नगदी और करीब 6 लाख कीमत केमोबाइल रिचार्ज कूपन थे। विरोध करने पर बदमाश हवाई फायर करते हुए निकल भागे।
लूट की सूचना भूपेंद्र और नरेंद्र ने अपने परिजनों को दी। खबर मिलते ही पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी की, मगर बदमाशों का पता नहीं चल सका।