नोएडा के हरौला गांव स्थित अपने घर में सो रहा एक छह माह का मासूम गायब हो गया है। परिजनों ने पड़ोसी पर बच्चे के अपहरण का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-20 पुलिस ने पड़ोसी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से हाथरस निवासी जगदीप हरौला गांव में किराए पर अपने परिवार सहित रहता है। वह नोएडा में ही एक गारमेंट एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी करता है। उसे छह माह का एक बेटा है।
जगदीप के बगल के कमरे में मूलरूप से झांसी निवासी राजेश रहता था। राजेश को कोई संतान नहीं थी। सोमवार रात जगदीप के घर पर बेटा सो रहा था।
पुलिस में दी गई शिकायत में बताया गया कि अचानक परिजनों ने देखा कि बच्चा अपनी जगह से नदारद है। बच्चा गायब होने की खबर पर आसपास के घरों में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों ने देखा कि पड़ोस के कमरे में रहने वाला राजेश भी अपने परिवार सहित गायब है।
जब उसने राजेश के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। परिजनों ने थाना सेक्टर-20 पुलिस को शिकायत दी है कि उसके छह माह के बेटे का अपहरण कर राजेश फरार हो गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
अभी सप्ताह पहले भी हरौला में एक बच्चा गायब हो गया था। इसमें भी पड़ोसी महिला और उसके परिजनों का हाथ सामने आया था। मामले में महिला के पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। तीन-चार दिन बाद महिला स्वयं सेक्टर-20 थाने आई बच्चे के अपहरण की बात नकारी थी। इसके अलावा गाजियाबाद में भी पिछले दिनों अस्पताल से एक बच्चा चुराने की घटना हुई थी।