छह लोगों पर तेजाब फेंकने के मामले में फरार चल रहे तेजाब फैक्ट्री के मालिक को फेस-3 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तेजाब डालने वाले एक शख्स की भीड़ ने इतनी जमकर पिटाई कर दी थी कि उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
तेजाब कांड के आरोपी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। फेस-3 थाना अंतर्गत चोटपुर कॉलोनी में तेजाब बनाने की फैक्ट्री चल रही है। इसका मालिक गाजियाबाद निवासी कनन है।
बुधवार रात करीब दस बजे चोटपुर में पान का खोखा लगाने वाले राजन और उनकी मां सरोजमति घर जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे एक कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी थी। नाराज मां-बेटे चालक के पास पहुुंचे तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
भीड़ ने भी तेजी से वाहन चलाने का विरोध किया। आरोप है कि इससे गुस्साए कैंटर चालक संगीत और कर्मचारी अंकित ने भीड़ के ऊपर बाल्टी में भरकर तेजाब फेंक दिया। दोनों शराब के नशे में थे। लोगोें ने हमले से बचने का प्रयास किया, लेकिन छह लोग झुलस गए।
इस दौरान लोगों ने जमकर संगीत और अंकित की धुनाई की थी जिससे अंकित बुरी तरह घायल हो गया। अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, तेजाब से झुलसे देवेश और दीपू सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है।
एसएचओ फेस-3 पंकज पंत का कहना है कि फरार चल रहे फैक्ट्री मालिक कनन को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, आरोपी अंकित ने पिटाई करने वाले देवेश, राजन, कुंदन और दीपू के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
मामले की जांच की जा रही है। कनन ने फैक्ट्री के सभी कागजात पुलिस के हवाले किए हैं जिसकी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री अवैध तो नहीं लगाई गई है।