फरीदाबाद के बल्लभगढ़ के चंदावली गांव में एक महिला के ऊपर घर का छज्जा गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यहां मुख्त्यार आलम अपने परिवार के साथ रहता है।
वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मंगलपुर गांव का निवासी है। बुधवार रात मुख्त्यार की पत्नी रुखसाना घर के आंगन में खाना बना रही थी, इसी दौरान ऊपर से छज्जा का एक हिस्सा टूट कर गिर गया।
छज्जे में लगा गार्डर रुखसाना के ऊपर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
दो शव बरामद, पहचान नहीं
फरीदाबाद में अलग-अलग स्थानों से पुलिस ने दो शव बरामद किए हैं। दोनों शवों को पहचान के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि नगर निगम मुख्यालय के बाहर गेट के पास एक व्यक्ति पड़ा है। उसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरा शव सेक्टर-28 चौकी पुलिस ने भट्टा नंबर-10 के पास से बरामद किया। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है।
सड़क हादसे में घायल बच्ची की मौत
खतौली (यूपी) में हुई सड़क दुर्घटना में घायल दयालपुर (बल्लभगढ़) गांव निवासी लड़की अक्षी ने बृहस्पतिवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। ज्ञात हो कि 8 जून को खतौली में हुए सड़क हादसे में दयालपुर गांव के सुरेंद्र कुमार (45), उनकी बेटी पूजा (21) व भतीजी नेहा (22) की मौत हो गई थी, जबकि बेटी अक्षी(12) घायल हो गई थी। सुरेंद्र अपनी सेंट्रो कार से बेटियों व भतीजी के साथ खतौली के पास कुतुबपुरा गांव में रहने वाली अपनी बहन के घर जा रहे थे। 8 जून की सुबह ही एक ट्रक से उनकी कार की टक्कर हो गई थी।
सड़क हादसों में दो की मौत, एक जख्मी
गुड़गांव में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 24 घंटे के दौरान हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर होंडा चौक के पास सो रहे एक कबाड़ी को एक जेसीबी ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने उसकी पहचान अतर सिंह बसनपुरवा, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश) के रूप में की है।
दूसरी ओर, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ही तेज रफ्तार टैंकर ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां पर एक की मौत हो गई। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने मरने वाले की पहचान मुन्ना निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में की है। जबकि राम किशन घायल है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दिल्ली के सीमापुरी में बुधवार देर रात ट्रक ने बाइक सवार मोहम्मद शमशाद (20) और उसके दोस्त राहुल (19) को टक्कर मार दी। जीटीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने शमशाद को मृत घोषित कर दिया जबकि राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। मामला दर्जकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, ए-59/332, कलंदर कॉलोनी, दिलशाद गार्डन निवासी शमशाद एक कंपनी में काम करता था। गत 20 मई को इसकी न्यू सीमापुरी की रहने वाली शबनम से शादी हुई थी। बुधवार को शबनम मायके में थी। शाम को शमशाद राहुल के साथ पत्नी से मिलने गया था। देर रात करीब 1:30 बजे घर लौटते वक्त सीमापुरी गोलचक्कर पर ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।