मदरसे में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि मदरसे के मौलवी ने बच्ची को सफाई के बहाने बुलाया था। दोनों रिश्तेदार भी हैं। बच्ची के पिता ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-49 में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और बरौला में किराए पर रहता है। बच्ची बरौला के ही एक मदरसे में पढ़ती है। यहां पूर्णिया बिहार निवासी मौलाना सलीम बच्चों को तालीम देता है।
बच्ची के पिता का आरोप है कि रविवार दोपहर उनकी आठ साल की बेटी मदरसे में पढ़ने गई थी। चार बजे सभी बच्चों की छुट्टी हो गई। इसके बाद मौलाना ने उनकी बेटी को सफाई के बहाने रोक लिया।
सफाई के दौरान उसने बच्ची से छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर बच्ची ने शोर मचा दिया। उसकी आवाज सुनकर मदरसे के बाहर मौजूद बच्चे व अन्य लोग पहुंचे। आरोपी मौलवी वहां से भाग निकला। इसके बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी बात बताई।