तुगलकाबाद स्थित रेलवे यार्ड में तैनात 57 साल के सेक्शन इंजीनियर को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुल प्रह्लादपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक सलमा (27) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ पुल प्रह्लादपुर इलाके में रहती है।
वह रेलवे के तुगलकाबाद स्थित यार्ड में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। सलमा ने बताया कि सोमवार सुबह दिनेश चंद गौतम (57) अपने रूम में मौजूद था। उसने घंटी बजाकर सलमा से पानी मांगा। गिलास में पानी लेकर वह उसके कमरे में पहुंची तो दिनेश ने उसका हाथ पकड़कर बाथरूम में खींचने का प्रयास किया।
विरोध करने में सलमा के कपड़े भी फट गए। पीड़िता ने शोर मचा दिया। इस बीच रेलवे के अन्य कर्मचारी आ गए। सलमा ने खुद पीसीआर कॉल कर दी। इसी दौरान अन्य लोगों को पता चला तो उन्होंने यार्ड में पहुंचकर दिनेश चंद की पिटाई कर दी।
सलमा ने बताया कि पिछले काफी समय से आरोपी किसी ने किसी तरह उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। सोमवार को उसने सारी हदें पार कर दीं। इधर, रेलवे के अन्य कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि दिनेश पहले भी महिलाओं के साथ बदसलूकी करता रहा है। कभी किसी महिला ने उसकी शिकायत नहीं की। वहीं, दिनेश ने भी पिटाई करने की शिकायत दी है। पुल प्रह्लादपुर थाना पुलिस दिनेश की शिकायत पर भी मामले की जांच कर रही है।