चलती ट्रेन में मोबाइल झपटमारों की वजह से फिर एक यात्री की जान चली गई। हिंडन पुल के पास दिल्ली-मेरठ डीएमयू में सवार मेरठ निवासी एक मुंशी से बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया।
झपटमारों के पीछे ट्रेन से कूदने के चक्कर में उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मवाना थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुन्ना लाल निवासी सारीन (22) डीएमयू ट्रेन से सोमवार शाम मेरठ जा रहा था। सारीन मेरठ में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करता था।
हिंडन पुल के पास आउटर पर जैसे ही ट्रेन धीमी हुई झपटमारों ने गेट पर खड़े सारीन का मोबाइल झपट लिया। बताया जा रहा है कि इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, जीआरपी इंस्पेक्टर विनोद सिरोही का कहना है कि सारीन खुद झपटमारों का पीछा करने के लिए ट्रेन से कूदा था। विपरीत दिशा में कूदने से उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि सारीन के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
मेरठ मदरसे से भागे दो बालक स्टेशन से बरामद
जीआरपी ने मेरठ मदरसे से भागे दो बालकों को रेलवे स्टेशन से बरामद किया है। आठ और 10 साल के ये बालक मूल रूप से किशन गंज बिहार के रहने वाले चचेरे भाई हैं और फिलहाल मेरठ के एक मदरसे में रहे थे।
जीआरपी एसएसआई इंद्रपाल सिंह ने बताया कि दोनों बालक सोमवार को प्लेटफार्म नंबर 3/4 पर घूमते मिले। शक होने पर उनसे पूछताछ की तो उन्होंने पूरी कहानी बताई।
उन्होंने बताया कि मदरसे में पिटाई की जाती थी। खाने को भी ठीक से नहीं दिया जाता था। इससे डरकर वह दो दिन पहले ही मेरठ से भाग गए थे। उन्होंने बताया कि दोनों बालकों को चाइल्ड केयर संस्था के सुपुर्द कर दिया गया है।