दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र में किराये के 150 रुपये नहीं देने पर ताना मारने से परेशान रूम मेट ने युवक की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात 27 जुलाई की रात की है।
बदरपुर इलाके से शनिवार को गिरफ्तार आरोपी ने यह खुलासा किया। वह नेपाल भागने की तैयारी कर रहा था। जिला पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह इंद्रराज कॉलोनी स्थित एक बंद कमरे से बदबू आने की सूचना मिली।
पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ दिया। वहां एक युवक का शव मिला। प्लास्टिक की रस्सी से उसका गला घोटा गया था। युवक ने मई में कमरे को किराये पर लिया था, लेकिन मकान मालिक के पास उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी।