बीस घंटे से लापता तीसरी की छात्रा का शव रविवार को नग्न अवस्था में मिट्टी और पत्तों से ढका हुआ बरामद किया गया है। मामला हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के थाना कंडाघाट का है। आठ साल की बच्ची का शव छयाछी गांव के साथ लगते नाले में मिला है। पुलिस को शक है कि बच्ची के साथ दुराचार के बाद उसकी निर्मम हत्या की गई है।
पढ़ें, इबोला वायरस पर हिमाचल में अलर्ट
शक के आधार पर पुलिस ने 16 साल के नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार छात्रा की हत्या उसकी कमीज से गला घोंटकर की गई है। हत्या के बाद छात्रा को करीब 400 फीट गहरी खाई में धकेला गया है।
इसके बाद आरोपी ने खाई में उतरकर अपनी तसल्ली के लिए छात्रा को यहां से वहां घसीटा है। घटना स्थल पर इसके निशान भी मौजूद हैं। छात्रा की मौत के बाद आरोपी ने इसे नाले के पास नग्न अवस्था में मिट्टी और पत्तों से ढक दिया।
खोज में जुटी थी पुलिस की तीन टीमें
बीते शनिवार को छात्रा स्कूल से वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पड़ोस में पूछताछ शुरू की। देर शाम तक बच्ची नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया।
तीन टीमें बनाकर इलाके में बच्ची की तलाश शुरू की गई। गुमशुदगी के करीब 20 घंटे बाद रविवार दोपहर 12:00 बजे बच्ची का शव बरामद कर लिया गया।
लड़की के बयान पर मिला सुराग
स्कूल छुट्टी के बाद बच्ची को गांव के ही एक 16 साल के युवक के साथ शनिवार शाम 4:20 बजे जंगल की ओर जाते देखा गया था। जिस लड़की ने दोनों को देखा था, उसने पुलिस को इस बारे में बताया। इसी आधार पर पुलिस ने जंगल में तलाश शुरू की।
एसपी बोले दुराचार के बाद की हत्या
सोलन के एसपी डा. रमेश छाजटा ने कहा कि प्रारंभिक छानबीन में मामला दुराचार के बाद हत्या का लग रहा है। फिलहाल मामला धारा 302 के तहत दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्ट के बाद ही अन्य धाराएं लगाई जाएंगी। पुलिस ने शक के आधार पर गांव के ही एक 16 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया है। युवक को अंतिम बार बच्ची के साथ देखा गया था।
वहीं मौके पर एसपी सोलन डा. रमेश छाजटा, डीएसपी हेमंत ठाकुर, एसएचओ कंडाघाट हरिभगत नेगी, सुबाथू चौकी प्रभारी मदन लाल समेत जुन्गा से फोरेंसिंग टीम पहुंची। इस दौरान टीम ने मौके से आवश्यक सबूत इकट्ठा किए।
सभी सुराग युवक के खिलाफ
पुलिस के अनुसार युवक बार-बार ब्यान बदल रहा है। वहीं उसके जूतों व घूटनों पर मिट्टी लगी है तथा वह शनिवार को भी घर पर काफी देरी से पहुंचा। पूछने पर युवक ने बताया कि वह लड़की के साथ नहीं था।
10 दिनों में चौथी घटना
इससे पहले 08 अगस्त को कंडाघाट में 14 वर्षीय युवती से दुराचार हुआ था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि 09 अगस्त को नालागढ़ में एक बाबा पर दुराचार करने का मामला दर्ज हुआ था।
11 अगस्त को कसौली में भी एक महिला के साथ दुरचार की घटना सामने आई थी। महिला का पति भतीजे की बारात में गया था।