आनंद विहार थाने के सामने शराब के नशे में धुत कार सवार युवकों ने रोडरेज में कारोबारी भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पिस्टल की बट से पीटने के अलावा चेन व पर्स लूटने के बाद मोबाइल भी तोड़ दिया।
पीड़ित रूपेश गौड़ की शिकायत पर आनंद विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को आरोपियों की कार का नंबर मिल गया है। पुलिस के मुताबिक, रूपेश गौड़ और इनके भाई ओमशंकर परिवार के साथ जी-26, घोंडली, कृष्णा नगर में रहते हैं।
सोमवार रात को यह एक कार्यक्रम में आनंद विहार गए थे। वहां से देर रात को घर लौटते समय हरगोविंद एंक्लेव के पास टाटा सफारी ने इनकी कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया, दोनों की टक्कर होते-होते बची। टाटा सफारी सवार युवकों ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौच करनी शुरू कर दी।
इधर रूपेश ने अपनी कार आनंद विहार थाने के सामने खड़ी कर दी। इसी बीच आरोपी भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने वहां तीन बार रूपेश की कार को टक्कर मारी। रूपेश ने जब इसका विरोध किया, तो युवक गाड़ी से बाहर निकल आए।
बताया जाता है कि गाड़ी में बैठे अन्य युवक शराब पी रहे थे। एक युवक ने रूपेश के सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया। अन्य युवक ने उसकी जेब से पर्स निकालने के अलावा गले से सोने की चेन तोड़ ली।
आरोपियों ने रूपेश के भाई को भी बुरी तरह पीटा। सब कुछ आनंद विहार थाने के सामने हुआ। बाद में सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने रूपेश का मोबाइल भी तोड़ डाला।
इधर, राहगीर की मदद से रूपेश ने पुलिस को सूचना दी। पीसीआर ने दोनों को डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।