थाना सेक्टर-10 क्षेत्र में तीन बदमाशों ने हथियार के दम पर चालक को बंधक बनाते हुए बियर बॉक्स से लदा ट्रक व नकदी लूट ली। बदमाश चालक को सुनसान जगह पर फेंक कर ट्रक को लेकर फरार हो गए।
किसी तरह चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। चालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
राजस्थान के अलवर निवासी विजय पाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि 3/4 सितंबर की रात उसने शहर के औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-37 में बियर बॉक्स से लदे ट्रक को खड़ा किया था।
देर रात ट्रक में विजय पाल बैठा हुआ था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। जब तक चालक कुछ समझ पाता, युवकों ने पिस्तौल निकालकर विजय पाल को अपने कब्जे में कर लिया। बदमाश ट्रक में सवार हो गए और चालक को बंधक बनाते हुए ट्रक लेकर वहां से फरार हो गए।
आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने विजयपाल को पीटा और उसके पास रखे 51800 रुपये और मोबाइल भी छीन लिया। आगे जाकर बदमाशों ने विजयपाल को ट्रक से नीचे फेंक दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए।
जांच अधिकारी एएसआई रनबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।