नहरपार खेड़ीपुल स्थित ट्रैक्टर मार्केट में बुधवार रात दुकानदार की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने शनिवार को खेड़ी पुलिस चौकी का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतक के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर बाईपास रोड जाम करने की चेतावनी दी।
43 वर्षीय सुभाष भारत कालोनी के कच्चा खेड़ी रोड पर अपने परिवार के साथ रहता था। वह खेड़ीपुल स्थित ट्रैक्टर मार्केट में किराने की दुकान चलाता था। बुधवार रात करीब 11:45 बजे सुभाष व उसका सेल्समैन अजय दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे।
इतने में ही दुकान के सामने एक बाइक आकर रुकी। बाइक से तीन युवक उतर कर सुभाष के पास पहुंचे और सुभाष को धमकाने लगे। तीनों बदमाशों ने मुंह ढका हुआ था। सुभाष ने विरोध करते हुए अजय से अंदर रखा चाकू लाने के लिए कहा, इतने में ही एक बदमाश ने पिस्तौल निकाल उसपर गोली चला दी। गोली सुभाष के पेट में लगी।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। गोली लगते ही खून से लथपथ सुभाष जमीन पर गिर पड़ा। सेल्समैन अजय ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग एकत्रित होकर मौके पर पहुंचे। अजय ने तुरंत सुभाष के परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सुभाष का बेटा पकंज व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और घायलावस्था में उसे लेकर नजदीकी अस्पताल ले गए लेकिन सुभाष ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
चार दिन बाद भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। इसी के विरोध में गुस्साये परिजनों ने खेडी पुल पुलिस चौकी का घेराव किया। मृतक के बेटे पंकज ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में ढील बरत रही है। इस वारदात के बाद बाजार के दुकानदारों में रोष है। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दे प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। इस दौरान नरेंद्र चौहान, राजकुमार गर्ग, केवल शर्मा, रमेश, सुशील ठाकुर, मनोज ,जितेंदर, डॉक्टर उत्तम ,मंजू गुप्ता, सुनील ,रवि गोयल ,गौरव ,रतन, शंकर, विरेंद्र आदि मौजूद थे।