बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट की पार्किंग में एक युवक ने बीए की छात्रा से कार में दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक छात्रा को नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के गेट के सामने फेंककर फरार हो गया। इससे छात्रा जख्मी हो गई। बुधवार को छात्रा के परिजनों की शिकायत पर दनकौर कोतवाली पुलिस ने इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के मुर्शदपुर गांव निवासी अर्जुन भाटी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने छात्रा को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक जनकपुरी (दिल्ली) निवासी 21 साल की छात्रा नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में बीए में पढ़ती है। उसने पुलिस को बताया कि मंगलवार को छुट्टी होने के बाद वह यूनिवर्सिटी के गेट पर ग्रेटर नोएडा जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान एक कार चालक ने उसे ग्रेटर नोएडा तक लिफ्ट देने की बात कही। पुलिस ने बताया कि चूंकि कार चालक गत वर्ष छात्रा के साथ पढ़ाई कर चुका था, ऐसे में उस पर विश्वास करके छात्रा कार में बैठ गई।
छात्रा ने बताया कि कार में आरोपी के अलावा दो और लोग सवार थे। इसके बाद कार चालक बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में फोटो खींचने के बहाने छात्रा को ले गया। चालक ने कार में मौजूद दो साथियों को बीआईसी के गेट पर ही उतार दिया और उसके बाद छात्रा को बीआईसी की पार्किंग में ले गया।
आरोप है कि पार्किंग में चालक ने कार में छात्रा से दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी चालक पीड़ित छात्रा को यूनिवर्सिटी के गेट पर चलती कार से फेंककर फरार हो गया।