एक युवती के बयान पर थाना पटौदी पुलिस ने राजस्थान के पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पटौदी खंड के एक गांव से एक युवती पिछले वर्ष 25 नवंबर को राजस्थान के अलवर जिले के एक गांव के रहने वाले प्रदीप के साथ चली गई थी।
युवती के मां-बाप ने इस बारे में पटौदी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। लेकिन बाद में युवती ने न्यायालय में बयान दे दिया था कि वह उसी व्यक्ति के साथ रहना चाहती है।
अब उसी युवती ने पटौदी थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति उसे शादी का झांसा देकर ले गया था परंतु बाद में उसे पता लगा कि वह पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है।
युवती ने आरोप लगाया है कि उसे कमरे में बंद कर रखा गया। प्रदीप, उसका भाई अनूप व जोगेंद्र, चाचा संदीप और पिता भीम सिंह उसका शारीरिक शोषण करते रहे। वह गर्भवती भी हो गई है, पटौदी थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म व मार-पीट का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।