क्षेत्र के एक गांव में पड़ोस के ही गांव के दो युवकों ने मंगलवार शाम एक किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक आरोपी की धुनाई कर दी, जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दनकौर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि मंगलवार को उसकी 14 साल की बेटी घर से घेर में गई थी। पड़ोसी गांव धनौरी निवासी अनिल और मोहित पहले से घेर में मौजूद थे।
किशोरी के घेर में घुसते ही एक आरोपी ने उसे पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। दूसरा आरोपी घेर के बाहर रास्ते पर खड़ा हो गया। किशोरी के विरोध करने पर दोनों ने दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर जमकर धुना और दूसरा मौके से भागने में सफल हो गया। कोतवाल संजय त्यागी का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दोनों आरोपी युवकों के खिलाफ छेडछाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है।