ग्रेटर नोएडा के बिसरख पुलिस ने बृहस्पतिवार को चिपियाना गांव के पास करण एंक्लेव में छापा मारकर नकली तंबाकू बनाने वाली कंपनी का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और दो कर्मियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मौके से कई नामी कंपनियों के पाउच भी बरामद किए हैं।
सीओ डॉ. अनूप सिंह ने बताया कि बिसरख थाना प्रभारी संजय वर्मा को सूचना मिली कि चिपियाना गांव के पास करण एंक्लेव कॉलोनी के एक मकान में नकली तंबाकू बनाया जाता है।
यह भी पढ़ें: नशे में टल्ली महिला ने जमकर किया हंगामा
यहां पर पुलिस ने छापा मारा। मौके से फैक्ट्री मालिक दिनेश निवासी चंदौसी मुरादाबाद और दो कर्मचारी गोपाल और मोनू को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने पाउच पैक करने वाली मशीन, 15 बोरे नकली तंबाकू और 20 बोरे तैयार की गई खैनी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी फैक्ट्री मालिक ने बताया कि वह मौजूदा समय में गाजियाबाद के नवयुग मार्केट रहता है। उसने कॉलोनी में एक मकान किराये पर लिया था, जिसमें वह तंबाकू से खैनी तैयार करता था।