दिल्ली में हाईअलर्ट के बावजूद हाईवे पर दो कारों में टक्कर के बाद खुली गुंडई हुई। कविनगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर कार सवार दो पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष ने शराब छिड़ककर दूसरे की कार में आग लगा दी।
कार में लगा सीएनजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फटा तो लोगों ने इसे आतंकी हमला समझा। इसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। इससे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई।
थाने से 50 मीटर दूरी पर हुई इस वारदात के बाद पुलिस 15 मिनट बाद मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस के सामने ही फायरिंग करते हुए भाग गए।
घटना रात 11.30 बजे की है। पुलिस लाइंस की ओर जाती दो कारों के बीच अचानक ही तनातनी शुरू हो गई। हापुड़ चुंगी चौक पर एक कार चालक ने दूसरे को ओवरटेक करके रुकवा लिया।
इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच एक पक्ष ने दूसरे की कार पर शराब छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते आग भड़क गई और उसमें लगा सीएनजी सिलेंडर धमाके के साथ फट गया।
इससे चौराहे अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते एक पक्ष ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड की फायरिंग की आवाज पास ही स्थित थाने पहुंची तो पुलिसकर्मी दौड़ पड़े।
पुलिस को देख आरोपी पक्ष भी फायरिंग करते हुए निकल भागे। देर रात तक पुलिस आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही थी।