तारापुरी कालोनी में बृहस्पतिवार को दिनदहाडे़ नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर प्रॉपर्टी डीलर से एक लाख की नगदी लूट ली। वारदात के बाद बेखौफ बदमाश हवा में तमंचा लहराते फरार हो गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है।
ब्रिज विहार कालोनी निवासी संजीव त्यागी का ओएफएम गेट के सामने बालाजी प्रॉपर्टीज के नाम से आफिस है। प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे वह फेडरल बैंक से एक लाख रुपये निकालकर तारापुरी कालोनी जा रहे थे। बीच रास्ते में नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली।
पीड़ित कुछ समझ पाते इससे पहले ही एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया और बाइक के बैग में रखी एक लाख रुपये की नगदी लूट ली। वारदात के बाद बेखौफ बदमाश हवा में तमंचा लहराते फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वारदात की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ आरपी शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर वारदात की जांच की जा रही है।