जहांगीरपुरी के मेट्रो अपार्टमेंट में शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने फांसी लगाकर जान दे दी। सिपाही की शिनाख्त कमल कुमार (47) के रूप में हुई। वह दिल्ली पुलिस के पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के बैंड में कार्यरत था।
आशंका जताई जा रही है कि नशे का आदी होने व बीमारी से परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली है। फिलहाल पुलिस उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि जहांगीरपुरी के मेट्रो अपार्टमेंट में रहने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही कमल कुमार (47) ने खुदकुशी कर ली है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर लिया। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि कमल पिछले पंद्रह साल से पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के बैंड में कार्यरत था।
वह पत्नी सीमा (40) 19 साल की बेटी और दो बेटों के साथ मेट्रो अपार्टमेंट में रहता था। परिवार वालों व परिचितों से पूछताछ में पता चला है कि कमल शराब पीने का आदी था और उसे टीबी की बीमारी थी।
पिछले सोलह दिनों से वह बिना किसी सूचना के कार्यालय से गैर हाजिर था। पुलिस को आशंका है कि बीमारी से परेशान होकर उसने खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।