डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को सजा के फैसले के बाद उनके समर्थक खुद को आग लगा सकते हैं या नुकसान पहुंचा सकते हैं। सजा वाले दिन या सजा मिलने के कुछ दिन बाद भी डेरा समर्थक ऐसा कर सकते हैं। देश की खुफिया एजेंसियों ने पुलिस को इस तरह के इनपुट दिए हैं।
वहीं दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने हिंसा होने के इनपुट दिए हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस सोमवार को दिन भर हाई अलर्ट पर रही। नई दिल्ली जिला दिनभर छावनी में तब्दील रहा। चप्पे-चप्पे पर नाकेबंदी रही। अर्द्धसैनिक बलों को भी सड़कों पर उतारा गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खुफिया विभाग से इनपुट मिलने के बाद सभी थानाध्यक्षों को आग पर काबू पाने वाले यंत्रों सहित गीले कंबल गाड़ी में रखने के लिए कहा गया। बीट ऑफिसर को भी गीले कंबल रखने के निर्देश दिए गए।
एक अन्य अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में सोमवार सुबह से ही सुरक्षा चाक चौबंद रही। बॉर्डरों को सुबह से ही सील कर दिया गया। दिल्ली में प्रवेश करने वाली गाड़ी को चेकिंग के बाद ही आने दिया गया। थानाध्यक्ष दिन भर इलाके में गश्त करते रहे। जगह-जगह पर बेरिकेड लगाकर चेकिंग की गई।
नई दिल्ली जिला पूरे दिन छावनी में तब्दील रहा। जिले के बॉर्डरों को भी सील कर दिया गया। प्रधानमंत्री आवास सहित कई वीवीआईपी जगहों पर लोकल पुलिस के अलावा पैरा मिलिट्री फोर्स को तैनात किया गया। सीनियर अधिकारी पुलिस मुख्यालय से खुद नजर रखे हुए थे।