क्राइम ब्रांच टीम अब उन बैंक अधिकारियों पर शिकंजा कसेगी, जिन्होंने 27.30 लाख रुपये कीमत के 2000 के नए नोट पकड़े गए युवकों को दिए थे। इसके लिए क्राइम ब्रांच की एक टीम रिजर्व बैंक रवाना हुई है।
युवकों से पकड़े गए यह नए नोट रिजर्व बैंक ने किस बैंक को जारी किए थे, टीम नोटों की सीरीज के आधार पर पता करेगी। बैंक अधिकारियों तक पहुंचने के लिए पुलिस सुभाष कॉलोनी में रहने वाली महिला रितु की भी तलाश में जुटी है।
मालूम हो कि सीआईए सेक्टर-30 टीम ने मंगलवार दोपहर बाद सतीश सरदाना, अमित गुप्ता, बहादुर सिंह और प्रवीण को 2000 के 27.30 लाख रुपये कीमत के नोटों के साथ पकड़ा था। जांच में इनमें एक गड्डी एक ही सीरीज की पाई गई। इसके अलावा 60 नोट दूसरी सीरीज के मिले।
पुलिस के मुताबिक मिक्स नोटों में भी 83 और 34 नोट एक ही सीरीज के छांटे गए हैं। बताते चलें कि सरकार ने बचत खाते से 24 हजार और चालू खाते सें 50 हजार रुपये ही एक सप्ताह में निकालने की सीमा तय कर रखी है। ऐसे में एक ही सीरीज के 160 नोट मिलना जांच का विषय है।