नोएडा के अट्टा गांव में सोमवार शाम को पकड़ा गया सट्टा रैकेट छह माह से महेश अवाना के मकान में चल रहा था। इस दौरान एक-दो बार पुलिस की सख्ती बढ़ने पर सट्टा लगना बंद भी हो गया था, लेकिन मोटी कमाई और पुलिस की सरपरस्ती होने से कुछ दिन में ही सट्टा फिर से शुरू हो जाता था।
थाना सेक्टर-20 प्रभारी निरीक्षक अनिल शाही ने बताया कि यहां प्रतिदिन लगभग 100 लोग सट्टा लगाते थे। एक दिन में यहां 10 लाख रुपये से ज्यादा का सट्टा लगता था, जिसका संचालन दुबई की वेबसाइट सट्टा किंग के जरिये होता था। सोमवार शाम को जिस वक्त पुलिस ने सट्टा रैकेट के अट्टा स्थित ठिकाने पर छापा मारा, वहां 90 लोग मौजूद थे। पुलिस इनमें से मात्र 31 को ही गिरफ्तार कर सकी, जबकि 59 लोग फरार होने में कामयाब रहे।
छापेमारी के दौरान सरगना रवि व आकाश फरार हो गए। पुलिस मकान मालिक महेश अवाना और रवि व आकाश समेत फरार अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। पुलिस ने इनकी तलाश में सोमवार रात इनके घरों पर छापेमारी की, लेकिन कोई भी आरोपी घर पर नहीं मिला। लिहाजा, पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस का भी सहारा ले रही है।
गुरुग्राम से भी तार जुड़े होने की आशंका
चर्चा है कि अट्टा गांव में पकड़े गए सट्टा रैकेट के तार गुरुग्राम से भी जुड़े हैं। नोएडा पुलिस गोपनीय तरीके से वहां भी छापेमारी की तैयारी कर रही है। हालांकि, थाना सेक्टर-20 प्रभारी निरीक्षक अनिल शाही ने इस गिरोह के तार गुरुग्राम से जुड़े होने से इंकार किया है।
सुरक्षा में बस से कोर्ट में पेश किए गए
आरोपियों को सोमवार शाम पुलिस बस से थाना सेक्टर-20 लेकर पहुंची थी। इसके बाद मंगलवार को इन्हें बस से जिला अस्पताल भेजकर सभी आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद बस से ही इन्हें जिला न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान बस में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कोर्ट ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।